लखनऊ/जयपुर: सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप के मुख्य ड्रॉ में बुधवार को भारतीय खिलाड़ियों ने मिला-जुला प्रदर्शन किया। गत विजेता और शीर्ष वरीय महिला युगल जोड़ी गायत्री गोपीचंद पी तथा त्रिशा जॉली ने हमवतन रश्मि गणेश और अमृता प्रमुथेश को 21-8, 21-7 से हराकर शानदार आगाज किया। पुरुष एकल में तुषार सुवीर ने पांचवीं वरीय मलेशिया के जस्टिन होह को 21-11, 21-17 से मात देकर बड़ा उलटफेर किया, जबकि महिला एकल में तान्या हेमनाथ ने सातवीं वरीय देविका सिहाग को 21-14, 18-21, 21-16 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
महिला एकल में दूसरी वरीय तन्वी शर्मा मलेशिया की गोह जिन वेई के कंधे की चोट के चलते रिटायर होने से आगे बढ़ीं। तीसरी वरीय उन्नति हुड्डा ने येव्हेनिया कांतमिर (21-15, 21-19), आठवीं वरीय ईशारानी बरुआ ने थालिता आर वरियान (21-12, 25-23), पांचवीं वरीय अस्मिता चालिहा ने पोलिना बुहारोवा (21-14, 21-16) और तस्नीम मीर ने मालविका भंसोड (21-17, 21-12) को हराया। हालांकि तीन बार के ओलंपियन व तीसरी वरीय एचएस प्रणय चीनी ताइपे के झी यिंग यू से 21-19, 21-17 से हारकर बाहर हो गए। पुरुष युगल में भार्गव राम व विश्वा तेज ने जीत दर्ज की, जबकि मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला-तनीषा क्रेस्टो और ध्रुव रावत-मनीषा के अगले दौर में पहुंचे।