बंगाल में महिला की पिटाई पर टीएमसी विधायक की सफाई, कहा हमारे मुस्लिम राष्ट्र के कुछ नियम हैं, जानिए पूरा मामला

Photo Source :

Posted On:Monday, July 1, 2024

मुंबई, 01 जुलाई, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर के चोपड़ा में महिला को सड़क पर पीटे जाने के मामले में वहां के विधायक ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हमारे मुस्लिम राष्ट्र के कुछ नियम हैं। महिला के साथ इन नियमों के मुताबिक बर्ताव किया गया है। उन्होंने कहा कि वह अवैध संबंध में थी, उसका कैरेक्टर सही नहीं था और वह समाज को खराब कर रही थी। वहीं पुलिस ने महिला के साथ मारपीट करने वाले ताजेमुल हक उर्फ JCB को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ स्वत: संज्ञान लेते हुए केस दर्ज किया गया है। आरोपी को पुलिस सुरक्षा में रखा गया है और मामले की जांच की जा रही है। उसे आज ही कोर्ट में भी पेश किया गया। दरअसल, 30 जून को चोपड़ा इलाके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें ताजेमुल दो लोगों, एक महिला और एक पुरुष को सड़क पर छड़ी से पीटते हुए नजर आ रहा था। बताया गया कि महिला और पुरुष के बीच कथित तौर पर अवैध संबंध है। इसलिए ताजेमुल इस मामले में ‘त्वरित न्याय’ कर रहा था, जिसके लिए वह जाना जाता है। वीडियो में दिखा कि ताजेमुल महिला को कई बार मारता है। वह दर्द से चिल्लाती है, लेकिन वह मारना नहीं छोड़ता। इसके बाद वह महिला के पास बैठे पुरुष की ओर मुड़ता है और उसे मारना शुरू कर देता है। इस दौरान भीड़ तमाशा देखती रहती है। कोई भी महिला और पुरुष को बचाने आगे नहीं आता। वीडियो में एक जगह वह महिला के बाल पकड़कर उसे लात भी मारता है।

तो वहीं, BJP IT सेल हेड और बंगाल के सह-प्रभारी अमित मालवीय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, वीडियो में जो व्यक्ति महिला को बेरहमी से पीट रहा है, वह ताजेमुल है। वह अपनी इंसाफ सभा के जरिए तुरंत न्याय देने के लिए जाना जाता है। पीटने वाला शख्स चोपड़ा विधायक हमीदुर रहमान का करीबी है। मालवीय ने यह भी कहा कि भारत को अब TMC की सरकार वाले पश्चिम बंगाल में शरिया अदालतों की असलियत को देख लेना चाहिए। हर गांव में एक संदेशखाली है और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी महिलाओं के लिए अभिशाप बन गई हैं। बंगाल में कानून-व्यवस्था का नामो-निशान नहीं है। क्या ममता बनर्जी इस राक्षस के खिलाफ कार्रवाई करेंगी या शाहजहां शेख की तरह उसे भी बचाएंगी? साथ ही, CPI(M) के राज्य सचिव और पूर्व सांसद मोहम्मद सलीम ने रविवार को इस वीडियो को शेयर कर लिखा कि यह कंगारू कोर्ट से भी बदतर है। तृणमूल कांग्रेस का गुंडा, जिसे JCB के नाम से जाना जाता है, वह खुद मौके पर सुनवाई करके सजा दे देता है। यह ममता के शासन में चोपड़ा में 'बुलडोजर न्याय' का उदाहरण है। सलीम ने यह भी कहा कि जिसने वीडियो शूट किया था, उसे अब उसके घर से निकाल दिया गया है। चोपड़ा में बंगाल पुलिस की निगरानी में तृणमूल ऐसे शासन कर रही है। ताजेमुल स्थानीय लेफ्ट नेता मंसूर आलम की हत्या के मामले में भी आरोपी है। साथ ही, इस घटना को लेकर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि चाहे महिलाओं की जाति कोई भी हो, उन पर हमले अस्वीकार्य हैं। चुनाव हो चुके हैं, परिणाम सामने आ चुके हैं। सत्ताधारी पार्टी ने राज्य में अधिकतम सीटें जीती हैं, तो फिर सरकार राज्य में हिंसा का सहारा क्यों ले रही है? देश में कहीं भी चुनाव के बाद बंगाल जैसे मामले नहीं होते हैं। किसी को भी महिलाओं के खिलाफ हिंसा करने का अधिकार नहीं है।


ग्वालियर और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. gwaliorvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.